कथाकार के रूप में शिवपूजन सहाय की उपलब्धि कथा साहित्य के विकास में इनकी अहम भूमिका रही है। हिंदी के प्रारंभिक कथाकार होने के नाते सहाय जी का महत्व हिंदी साहित्य में अवर्णनीय है।
शिवपूजन सहाय प्रेमचंद के समकालीन कथाकार थे इसलिए उनके कथा साहित्य में तत्कालीन समाज की वास्तविकता को बखूबी देखा जा सकता है। उन्होंने बाल्यावस्था से ही कहानी लिखना प्रारंभ कर दिया था। सहाय जी सर्वतोमुखी प्रतिभा संपन्न प्रगतिशील साहित्यकार थे। हिंदी साहित्य के प्रारंभिक जगत में सहाय जी का स्थान बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपन्यास, कहानी, संस्मरण, निबंध, डायरी आदि अनेक विधाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया, परंतु उनकी पहचान कथाकार के रूप में ही है।
शिवपूजन सहाय हिंदी साहित्य के शुरुआती दौर के कथाकारों में अकेले उदाहरण हैं, जिन्होंने आधुनिक गद्य विधाओं में इतने अधिक प्रयोग किए हैं। अपनी सारी सुचर्चित सीमाओं के बावजूद अनके कथा साहित्य का काफी बड़ा हिस्सा आज साहित्य की स्थाई निधि बन चुका है। अपने कथाकार के रूप में उन्होंने 15 कहानियाँ एवं एक आंचलिक उपन्यास लिखकर सदा के लिए स्मरणीय हो गए हैं। उनकी सबसे पहली कहानी 1914 ईस्वी में छपी थी, ‘तूती सूगी मैंनी’ के नाम से पर इस कहानी का शीर्षक आगे चल कर ‘तूती मैना’ हो गया। उनके कहानियों का संग्रह ‘विभूति’के नाम से सन 1935 में प्रकाशित हुआ जिसमें कुल 16 कहानियाँ है। “इनकी 15 कहानियाँ मौलिक है और अंतिम कहानी अंग्रेजी से अनुवादित सच्ची घटनाओं के आधार पर ही लिखी गई हैं। कोई कहानी कल्पित नहीं है, सबका ऐतिहासिक और सामाजिक आधार सत्य है।” इनकी सभी कहानियाँ हिंदू आदर्श से प्रेरित है। इनकी कहानियों को दो वर्गों में बाँट कर देखा जा सकता है-(1)सामाजिक आधार पर लिखी कहानियाँ और (2)ऐतिहासिक आधार पर लिखी कहानियाँ।
इनकी सामाजिक कहानियाँ है- हट-भगतजी, अनूठी अंगूठी,वीणा, विचार-चित्र, हतभागिनी चंद्रतारा, प्रायश्चित,खोपड़ी के अक्षर, कुंजी, मानमोचन, कहानी का प्लाट, तूती मैना। इन कहानियों में तत्कालीन समाज में सामाजिक स्थिति, राजनैतिक स्थिति, आर्थिक स्थिति, दहेज प्रथा, वृद्ध-विवाह प्रथा, बाल विवाह प्रथा, पर्दा प्रथा का जिक्र किया गया है। इनकी ऐतिहासिक कहानियाँ है- मुंडमाल, सतीत्व की उज्ज्वल प्रभा, शरणागत रक्षा तथा विषपान। इन कहानियों में देशात्मक भावनाओं को उजागर किया गया है।
शिवपूजन सहाय की कहानियों में काल्पनिकता नहीं है। उनकी सभी कहानियों की विषय-वस्तु वास्तविक है। उन्होंने अपनी विभूति की भूमिका में लिखा भी है कि ‘ऐतिहासिक चार कहानियों को छोड़ कर और सभी कहानियाँ वास्तविकता के आधार पर ही लिखी गई है।
शिवपूजन सहाय ने तत्कालीन समाज में घटने वाली सभी प्रकार की घटनाओं को अपनी कहानी के माध्यम से उजागर किया है। उनकी कहानियों की भाषा प्रौढ़, मुहावरेदार और सुसज्जित है। भाषा की दृष्टि से शिवपूजन सहाय की कहानियाँ अपना विशिष्ट स्थान रखती है।
सहाय जी हिंदी कथा साहित्य में प्रारंभिक कथाकार माने जाते हैं। इन्होंने कहानियों के अलावा एकमात्र उपन्यास ‘देहाती दुनिया’ (1926) लिखा है।
यह एक आंचलिक उपन्यास है। कुछ लोगों ने इसे प्रथम आंचलिक उपन्यास माना है तो कुछ लोगों ने 1954 में रेणु द्वारा लिखित उपन्यास ‘मैला आँचल’को। क्योंकि ‘देहाती दुनिया’ की रचना 1926 ई. में ही हो चुकी थी। देहाती दुनिया उपन्यास में आंचलिकता के तत्वों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ‘देहाती दुनिया’ को स्वयं सहाय जी ने ‘ठेठ देहात का औपन्यासिक चित्र’ कहा है। सहाय जी ने इस उपन्यास में भोजपुरी के जनपद रामसहर के एक अंचल का चित्रण किया है। उस रामसहर में रहने वाले विभिन्न प्रकार के लोगों के स्वभाविक चित्र का चित्रण किया है।
हिंदी साहित्य के कई आलोचक ‘देहाती दुनिया’ को पहला आंचलिक उपन्यास मानते हैं। वृंदावनलाल वर्मा एवं डॉ. प्रताप नारायण टंडन ने ‘देहाती दुनिया’ को हिंदी उपन्यास में आंचलिक चित्रण का आरंभ माना है, तथा आचार्य नलिन विलोचन शर्मा ने इसे भारतीय भाषाओं में प्रथम आंचलिक उपन्यास माना है। डॉ. लक्ष्मीकांत सिन्हा ने भी इसे प्रथम आंचलिक उपन्यास माना है।
सहाय जी ने ‘देहाती दुनिया’ उपन्यास लिख कर उपन्यास की संरचना विषयक अवधारणा को एक चुनौती दी है। इस उपन्यास में ग्रामीण जीवन के अनेक प्रसंग है। इसमें भोजपुर अंचल की अनेक झांकियाँ है, जो पूर्ण रूप से यथार्थ पर आधारित है। सहाय जी अपने समकालीन कथाकारों से कम नहीं थे। कथा का रूप, उसका विकास कैसा होना चाहिए उन्हें इसका एहसास था और उसके सही विकास के लिए वे हमेशा प्रयत्न करते रहे। सहाय जी के समकालीन कथाकार थे- रामवृक्ष बेनीपुरी, विनोद शंकर व्यास, प्रताप नारायण श्रीवास्तव, विश्वंभर नाथ शर्मा कौशिक, वृंदावनलाल वर्मा, जयशंकर प्रसाद, भगवती प्रसाद वाजपेई, राहुल सांकृत्यायन, चतुरसेन शास्त्री, उपेंद्रनाथ अश्क, महात्मा सिंह चौहान, राजा राधिका रमण प्रसाद सिंह, विष्णुप्रभाकर वाचस्पति पाठक, राधाकृष्ण दास, यशपाल, मोहनसिंह सेंगर, पांडेय बेचन शर्मा उग्र तथा सुदर्शन आदि। उपरोक्त साहित्यकारों ने अपनी-अपनी रचनाओं में तत्कालीन समाज में हो रही विभिन्न घटनाओं का चित्रण किया है। इन लोगों ने अपने कथा साहित्य में ऐतिहासिक, पौराणिक, राजनैतिक, सामाजिक आदि विभिन्न विधाओं का चित्रण किया है।
आंचलिक उपन्यास के विकास की कड़ी में सहाय जी की ‘देहाती दुनिया’ का उल्लेखनीय योगदान रहा है। आज से कई वर्ष पहले जब हिंदी में आंचलिकता को लेकर लोग अज्ञ थे या पाठक इससे परिचित नहीं थे तभी सहाय जी ने एक सफल आंचलिक उपन्यास ‘देहाती दुनिया’ की रचना की थी, जो हिंदी साहित्य का एक अनमोल रत्न माना जाता है। सहाय जी का जन्म एवं पालन-पोषण ग्रामीण क्षेत्र में हुआ है।अतः उनका लगाव ग्रामीण क्षेत्र ही रहा है। ‘देहाती दुनिया’ की भूमिका में उन्होंने लिखा है कि अपने ठेठ देहाती मित्रों की प्रेरणा से और उन्हीं लोगों के मनोरंजन के लिए लिखा है और उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि ‘मैंने यश का प्रोत्साहन प्राप्त करने के लिए यह पुस्तक नहीं लिखी है, लिखी है केवल स्वांतः सुखाय के लिए।’
इसे भी पढ़ें:हिन्दी नवजागरण के अग्रदूत ‘आचार्य शिवपूजन सहाय’ का हिन्दी को अवदान
उन्होंने इस उपन्यास के बारे में यह भी लिखा हैं कि “मैं ऐसे ठेठ देहात का रहने वाला हूँ, जहाँ इस युग की नई सभ्यता का बहुत ही धुंधला प्रकाश पहुँचा है।’ वहाँ केवल दो ही चीजें प्रत्यक्ष देखने में आती है- अज्ञानता का घोर अंधकार और दरिद्रता का तांडव नृत्य! वहीं पर मैंने स्वयं जो कुछ देखा-सुना है, उसे यथाशक्ति ज्यों-का-त्यों इसमें अंकित कर दिया है। इसका एक शब्द भी मेरे दिमाग की खास उपज या मेरी मौलिक कल्पना नहीं है। यहाँ तक की भाषा का प्रवाह भी मैंने ठीक वैसा ही रखा है, जैसा ठेठ देहातियों के मुख से सुना है। अपने व्यक्तिगत अनुभव के बल पर मैं इतना निसंकोच कह सकता हूँ कि देहाती लोग आपस की बातचीत में जितने मुहावरे और कहावतों का प्रयोग करते हैं, उतने तो क्या, उसका चतुर्थांश भी हम पढ़े-लिखे लोग नहीं करते। इस पुस्तक के किसी-किसी प्रकरण से यह बात स्पष्ट मालूम हो जाएगी।”(देहाती दुनिया की प्रथम संस्करण की भूमिका से)‘मैला आंचल’ को आंचलिक उपन्यास रूपी महल का कंगूरा भले ही माना जाए, लेकिन इस महल की नींव में एक मजबूत ईंट ‘देहाती दुनिया’ की लगी हुई है।
‘देहाती दुनिया’ उपन्यास तत्कालीन ‘गाँव’ को यथार्थ रूप में हमारे सामने प्रस्तुत करता है। पूरे उपन्यास की कथा एक छोटे बालक को केंद्र बिंदु बनाकर लिखी गई है। इसका मूल कथानक रामसहर से जुड़ा हुआ है, जो भोजपुर अंचल का एक बड़ा गाँव है, जिसके कारण यह उपन्यास अत्यंत मर्मस्पर्शी हो गया है। इसमें भोजपुर अंचल की भाषा, वहाँ की संस्कृति, बोली-बानी, गीत, कहावत, मुहावरे, भजन आदि का बहुमुखी प्रयोग हुआ है। इसी कारण इसे आंचलिकता की श्रेणी में रखा गया है। सहाय जी ने उपन्यास की कथावस्तु को 11 परिच्छेदों में बांटा है-(1) माता का आंचल(2)बुधिया का भाग्य (3)ननिहाल का दानापानी (4)दारोगा जी का चोर महल(5) गोवर्धन का कच्चा चिट्ठा(6) चारों धाम(7) रंग में भंग(8) पांडेजी का प्रपंच(9) महँगे चने(10)ब्रह्म पिशाच का देवघर और(11) नमक का बदला।
‘देहाती दुनिया’ में सामूहिक चरित्र-चित्रण प्रधान है। इसके सभी पात्रों में देहाती जीवन का आभास होता है। इस उपन्यास में प्रमुख पात्र हैं- बालक भोलाराम अर्थात तारकेश्वर, जमींदार राम टहल सिंह, बुधिया की बड़ी लड़की सुगिया, रामटहल सिंह की राखेलिन बुधिया, पत्नी महादेई, मनबहाल सिंह, भोलानाथ की माँ और पिता, मंदिर के पुजारी पशुपति पांडे, उनका लड़का गोबर नाथ, इनके अलावा गौण पात्र भी हैं- जैसे पलटू चमार, गोवर्धन की माँ, भोलानाथ की नानी, नौकर घूरन सिंह, जुरोधन तिवारी,पिलुआ सुक्खू तिवारी आदि।
निष्कर्ष रूप में देखा जा सकता है कि हिंदी कहानी एवं उपन्यास के क्षेत्र में शिवपूजन सहाय के योगदान की चर्चा पाठकीय स्तर पर तो बहुधा हुई है, पर उनका गंभीर कथालोचनात्मक मूल्यांकन अभी तक नहीं हुआ है। भाषा एवं शिल्प के स्तर पर अपनी कहानियों और अपने एकमात्र उपन्यास में उन्होंने जो प्रयोग किए हैं, उनका महत्व तभी स्पष्ट हो हो सकता है जब उन कृतियों को उनके सही ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में रखकर देखा जाए।
डॉ.वर्षा गुप्ता